चौटाला परिवार में सुलह को बेटियां आईं आगे, अभय के साथ अजय चौटाला से मिलने पहुंचीं

चाैटाला परिवार में कलह को समाप्‍त कराने के लिए अब बेटियों ने मोर्चा संभाल लिया है।  परिवार के बीच छिड़ी वर्चस्व की लड़ाई को खत्म करने के लिए परिवार की तीनों बेटियां आगे आ गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की तीनों बेटियां तिहाड़ जेल पहुंची और भाई डॉ. अजय चौटाला से मिलने की को‍शिश की। उनके साथ भाई अभय चौटाला भी थे। हालांकि उनकी मुलाकात नहीं हाे पाई, लेकिन वे आज मिल सकती हैं। दूसरी ओर सांसद पोते दुष्‍यंत चौटाला और दादा आेमप्रकाश चौटाला की नई दिल्‍ली में अाज मुलाकात होने की संभावना है। यह घटनाक्रम ऐसे में ओर भी अहम माना जा रहा है चौटाला 18 अक्‍टूबर को फरलो काटकर तिहाड़ वापस जा रहे हैं।

चौटाला परिवार की कलह पिछले दिनों से ख्‍ुालकर सामने आ गई थी। गोहाना रैली में हुई हूटिंग के बाद ओपी चौटाला अपने पोते  सांसद दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय चौटाला को निलंबित कर समूची पार्टी का नए सिरे से गठन कर चुके है। इसके बाद दुष्‍यंत चौटाला अौर उनके भाई दिग्विजय चौटाला खुलकर मैदान में उतर आए।

दुष्यंत चौटाला हरियाणा के विभिन्न जिलों का  दौरा करते हुए फील्ड में में उतर चुके हैं। दुष्यंत हिसार, महेंद्रगढ़ व भिवानी में कार्यकर्ताओं से रूबरू हो चुके हैं। चाचा अभय चौटाला और भतीजे दुष्यंत चौटाला के बीच बढ़ रही खाई को पाटने के लिए देवीलाल परिवार की बेटियां पहली बार सामने आई हैं।