गैर प्रांत के लोगों पर हमले के मामले में BJP व कांग्रेस ने एक-दूसरे को ठहराया जिम्मेदार

अहमदाबाद। गुजरात में गैर प्रांत के लोगों के खिलाफ हिंसा के लिए भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। सरकार ने आंकड़ा जारी करते हुए कहा कि अब तक 63 मामलों में 715 आरोपितों को पकड़ा गया है, जिनमें से 63 कांग्रेस से जुडे़ हैं। इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया में चल रहे संदेश का हवाला देते हुए भाजपा को इसके लिए जिम्मेदार बताया है। गैर प्रांत के लोगों के खिलाफ कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर व भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह चावड़ा का वीडियो वायरल हुआ पर उन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

गृह राज्यमंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत 9 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें 76 लोगों को भीड़ को उकसाने वाले मैसेज करने का आरोपित माना गया है। इनमें से कई कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं।

सरकार के इस दावे पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने हिंसा को भाजपा प्रायोजित बताते हुए कहा कि चार राज्यों में हार का आभास होते ही भाजपा ने अन्य प्रांत के लोगों के खिलाफ हिंसा की साजिश की व कांग्रेस को बदनाम करने का प्रयास किया।