कौन बनेगा करोड़पति स्टाइल में कांग्रेस तय करेगी राजस्थान का CM फेस

नई दिल्ली: पांच राज्यों में अगले महीने शुरू हो रहे विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सबसे ज्यादा उत्साहित राजस्थान राज्य को लेकर है. बुधवार को कांग्रेस ने राजस्थान से जुड़े सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस की. इस दौरान जब सवाल पूछा गया कि राजस्थान में कांग्रेस का मुख्यमंत्री कौन होगा, तो कांग्रेस के महासचिव (प्रशासन) और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘कौन बनेगा करोड़पति में पहले से थोड़े ही पता होता है कि कौन करोड़पति बनेगा.’’ इसके बाद सभाकक्षा में देर तक ठहाके लगते रहे.

लेकिन बात यहीं नहीं रुकी. कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गहलोत के बयान पर कहा, ‘यह धोनी का हेलीकॉप्टर शॉट था.’ जब गहलोत और सुरजेवाला यह बयान दे रहे थे तब मंच पर बैठे राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ठहाके लगाते दिखे. दरअसल यह हंसी-मजाक कांग्रेस की उस बड़ी रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत पार्टी राजस्थान में यह संकेत देना चाहती है कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है. पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है.

इसस पहले राजस्थान में अपनी एक रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें अखबार में वह तस्वीर देखकर बहुत खुशी हुई जिसमें सचिन पायलट मोटर साइकिल चला रहे थे और गहलोत पीछे बैठे थे. राहुल गांधी ने यह बात जनता को यह संकेत देने के लिए कही थी की पार्टी एक है.