
अयोध्या भगवान श्रीराम का है। भगवान श्रीराम का मंदिर उसी स्थान पर बनेगा। जो लोग उसे विवादित स्थल बता रहे हैं, वे महामूर्ख हैं। हमें विश्वास है कि 2018 में ही उच्चतम न्यायालय 100 करोड़ हिन्दुओं की भावनाओं को ध्यान में रखकर जल्द फैसला करेगा, ताकि समय पर मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके।यह कहना है अंतरराष्ट्रीय धार्मिकगुरु कुमारन स्वामी का। 
श्रीराम मंदिर को लेकर कांग्रेस नेता शशि थरूर द्वारा दिए गए बयान पर कुमारन स्वामी ने कहा कि वे अज्ञानी हैं। यह इस देश का दुर्भाग्य है कि राम के देश में जहां 100 करोड़ हिन्दू हैं, वहां प्रभु श्रीराम को ही कोर्ट में अपने अस्तित्व को लेकर प्रमाण देना पड़ रहा है। वोट की राजनीति के लिए लोग अपने आराध्य देवे के अस्तित्व पर सवाल खड़े कर रहे हैं। शशि थरूर को सनातन धर्म का ज्ञान नहीं है। राममंदिर का निर्माण का 2019 में प्रारंभ होगा, यह तय है। इसमें कोई विवाद नहीं है। सोमवार को बोकारो में दैनिक जागरण से बातचीत करते हुए कहा कि हिन्दू स्वभाव से सहनशील हैं और वह हमेशा से विधि विधान में विश्वास रखता है। गुरुजी कुमारन स्वामी ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा हिन्दू मंदिरों के दर्शन करना एवं पूजा के कार्यक्रम में हिस्सा लेना स्वागतयोग्य है।
सभी धर्मों में सनातन धर्म का डीएनए : गुरुजी कुमारन स्वामी ने कहा कि इसाई धर्म 2018 वर्ष का है, इस्लाम धर्म 1465 वर्ष का और बौद्ध धर्म 2500 वर्ष का। इसके पूर्व ये लोग सभी सनातन धर्म को माननेवाले थे। सभी के पूर्वज हिन्दू व सनातन धर्म को माननेवाले थे। इसलिए इसमें कोई विवाद नहीं है कि भारत भूमि भगवान राम की है। सभी राजनीतिक दल, सभी संप्रदाय, सभी मत व समाज के लोगों का यह नैतिक दायित्व है कि भगवान राम पर विवाद की बात न कहकर भव्य मंदिर के निर्माण में अपना सहयोग करें। यह किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं बल्कि हिन्दू समाज के अस्तित्व का मुद्दा है।
कंबोडिया से झारखंड आएंगे पर्यटक : गुरुजी कुमारन स्वामी ने कहा कि कंबोडिया में ओंकारबट शिव मंदिर का जीर्णोद्धार चल रहा है। भगवान शिव सबके आराध्य देव हैं। किसी न किसी रूप में सभी धर्मों में शिवङ्क्षलग की पूजा होती है। भारत से हिन्दू कंबोडिया जाएं और कंबोडिया से बौद्ध धर्मावलंबी झारखंड आएं इसका प्रयास चल रहा है। राज्य सरकार से बात हुई है। 24 घंटे गरीबों के लिए लंगर की व्यवस्था करने की योजना है। कुमारन स्वामी कंबोडिया से बोकारो आए हुए हैं। बोकारो हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया। स्वागत करनेवालों में प्रशांत मल्लिक, अशोक कुमार, वीरेन्द्र कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।