एेसे सोती रहेगी यहा की पुलिस तो अपराधियों से कैसे निबटेगी

दशहरा पूजा के दौरान क़ानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग की तरफ से सोमवार को पटना स्थित बापू सभागार में बैठक बुलाई गई थी जिसमें आईजी, डीआईजी से लेकर जिलाधिकारी, एसएसपी और सभी सिटी एसपी तक मौजूद थे। बैठक में अधिकारियों द्वारा ब्रीफिंग की जा रही थी वहीं कुछ पुलिसवाले गहरी नींद में सोते रहे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

पटना के बापू सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जहां बड़े अधिकारी लगातार ब्रीफिंग में संयुक्त आदेश को ध्यान से पढ़ने की नसीहत दे रहे थे, ताकि विषम परिस्थितियों से निपटा जा सके, लेकिन कई पुलिस अधिकारी मामले को लेकर लापरवाह बने रहे तो कई पुलिस अधिकारी चैन की नींद सोते रहे। बैठक खत्म होने के बाद जब उनसे सवाल किया गया तो वो इसे मामूली बात बता कर वहां से चले गए।

सुरक्षा को लेकर दिए जा रहे थे निर्देश

दुर्गा पूजा और रावण वध को लेकर पटना के बापू सभागार में आयुक्त और जिलाधिकारी कुमार रवि और डीआइजी के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक मनु महाराज संयुक्त ब्रीफिंग कर रहे थे। इस संयुक्त ब्रीफिंग में दशहरा के दौरान होने वाली रावण वध कार्यक्रम पर इकट्ठा होने वाली भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए अधिकारियों द्वारा दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे।

एेसी रहेगी शहर की व्यवस्था

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित बैठक में बाढ़, पालीगंज, मसौढ़ी, गांधी मैदान सहित कई कई स्थानों पर रावण वध कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ इकट्ठा होने के अनुमान हैं। पुलिस अधिकारियों को ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए गए और साथ ही 16 से 19 अक्टूबर तक शहर में बड़े और व्यवसायिक वाहनों पर रोक लगी रहेगी।