
शहर से देहात तक बुखार का प्रकोप है। रुड़की, भगवानपुर और मंगलौर आदि क्षेत्रों में 500 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। इनमें बड़ी संख्या में लोग निजी अस्पतालों में भर्ती होकर उपचार करा रहे हैं। वहीं डेंगू की आशंका को देखते हुए लोगों में दहशत बनी है। इनमें कई मरीजों में डेंगू की प्रारंभिक जांच पॉजिटिव भी आ चुकी है। 
रुड़की के पनियाला, पाडली, पुरानी तहसील, अंबर तालाब, ढंडेरा और श्याम नगर के साथ ही तमाम क्षेत्रों में लगातार डेंगू के केस सामने आ रहे हैं। वहीं बुखार पीड़ितों की संख्या भी काफी बढ़ चुकी है। शहर के सभी निजी अस्पतालों में डेंगू और बुखार पीड़ित मरीज भर्ती है। भगवानपुर क्षेत्र की बात करें तो कस्बे की ब्राह्मण वाली गली, धीमान वाली गली, गोयल वाली गली में हर दूसरे घर में डेंगू और बुखार पीड़ित है।
शाहपुर, रुहालकी दयालपुर एवं मक्खनपुर और रायपुर में बुखार के साथ ही डेंगू से भी लोग पीड़ित हैं। वहीं मंगलौर क्षेत्र में भी डेंगू का प्रकोप है। लिब्बरहेड़ी गांव में तो डेंगू के कई केस सामने आ चुके हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गुरनाम सिंह ने बताया कि लिब्बरहेड़ी में डेंगू का प्रकोप होने की जानकारी मिली है।
जिन क्षेत्रों में बुखार पीड़ित अधिक है। वहां पर पैरासिटामोल की टेबलेट आशाओं के माध्यम से वितरित कराई जाएंगी। साथ कीटनाशक दवाओं का भी छिड़काव कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुखार होने पर पैरासिटामोल की टेबलेट ही लें। अन्य कोई दवाई लेने से पूर्व विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह जरूर लें।