
देश में इस समय आग की तरह फैल रही ‘मीटू’ मुहीम की लपटें अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) तक पहुंच गई हैं. एक महिला लेखक ने बीसीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राहुल जौहरी पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. बीसीसीआई के प्रशासकों की समिति (सीओए) ने जौहरी से यौन उत्पीड़न के आरोपों पर एक सप्ताह के अंदर जवाब देने को कहा है.
सीओए ने अपनी प्रेस रिलिज कहा, “आज सोशल मीडिया सहित कुछ मीडिया वर्ग में ऐसी खबरें आ रही है, जिनमें एक महिला ने ट्विटर के जरिये जौहरी के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. यह आरोप उनके पिछले रोजगार से जुड़े हैं, लेकिन ये ‘मी टू’ अभियान का एक हिस्सा है.”
सीओए ने कहा, “इन आरोपो के संबंध में जौहरी से एक सप्ताह के अंदर जवाब देने को कहा गया है. इस मामले में आगे की कार्रवाई जवाब मिलने के बाद की जाएगी.”