साजिद खान के आरोपों पर बोले भाई फरहान अख्‍तर, ‘मैं दुखी हूं, पर उसे प्रायश्चित करना होगा…’

यौन शोषण के आरोपों से निर्देशक साजिद खान को आखिरकार फिल्‍म ‘हाउसफुल 4’ के निर्देशन से बाहर कर दिया गया है. कुछ घंटों पहले ही अक्षय कुमार ने इस फिल्‍म की शूटिंग यह कहते हुए कैंसिल करने का ऐलान कर दिया था, कि पहले यौन शोषण के आरोपों से घिरे शख्‍स पर कार्रवाई की जाए. इसके तुरंत बाद ही खुद साजिद खान ने अपने ट्विटर पर अपना बयान जारी कर इस फिल्‍म के निर्देशन से खुद को अलग कर लिया है. यानी अब साजिद खान फिल्‍म ‘हाउसफुल 4’ का निर्देशन नहीं करेंगे.

अभी तक साजिद की बहन फराह खान ने अपने भाई पर लग रहे इन आरोपों पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन साजिद के कजिन फराहन अख्‍तर ने अपने भाई पर लगे इन आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है. फरहान अख्‍तर ने इस पूरे मामले पर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैं साजिद के व्‍यवहार को लेकर आ रही खबरों से काफी परेशान, अचंभित और दुखी हूं. मुझे नहीं पता कैसे, लेकिन उसे खुद पर लगे इन आरोपों के लिए प्राश्‍चित करना ही पड़ेगा.’