
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के दौरान जब समाजवादी पार्टी के यादव परिवार में जब मनमुटाव बढ़ा था तब अखिलेश के खिलाफ शिवपाल के बेटे का कोई बयान मीडिया में नहीं आया था. लेकिन अब हालात बदल गए हैं. शिवपाल ने प्रगतिवादी समाजवादी पार्टी बनाकर सपा से नाता तोड़ लिया है. वह अखिलेश पर निशाना साधने से नहीं चूकते. इसी बीच शिवपाल के बेटे आदित्य यादव भी खुलकर अपने पिता के समर्थन में आ गए हैं. उन्होंने अपने चचेरे भाई व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर वह कन्नौज लड़े तो हमारा मोर्चा उन्हें हरा देगा. 
खबर के मुताबिक, आदित्य ने कहा, “हम अपने प्रत्याशी की घोषणा जल्द करेंगे. मुलायम सिंह की सीट मैनपुरी के अलावा, हम सभी सीट से अपने प्रत्याशी उतारेंगे.” आदित्य यूपीपीसीएफ के चेयरमैन और इफ्को निदेशक के पद पर हैं. आदित्य यादव के कन्नौज के दावे को दोनों भाइयों के बीच खुली चुनौती के रूप में देखा जा रहा है. यह भी साफ हो गया है कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा कन्नौज से अपना प्रत्याशी उतारेगा.
‘अंकुर भैया’ के नाम से मशहूर आदित्य युवाओं के पूरा समय देकर अपने पिता की पार्टी को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं. वह युवाओं से अपनी पार्टी में शामिल होने और सामाजिक अन्याय तथा सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ने की अपील कर रहे हैं. खबरों के मुताबिक, इस समय जूनियर यादव से बड़ी संख्या में युवा मिलने आ रहे हैं और पार्टी की विचारधार पर उनसे परिचर्चा कर रहे हैं.
आदित्य काफी समय पहले से जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं और अब खुलकर सामने आए हैं. उन्होंने गुरुवार को कहा था कि कन्नौज से सेक्युलर मोर्चा को नहीं हराया जा सकता. गौरतलब है कि कन्नौज को अखिलेश का गढ़ माना जाता है और उनकी पत्नी डिंपल यादव वहां से सांसद हैं. अखिलेश ने हाल में कहा था कि 2019 का चुनाव डिंपल नहीं लड़ेंगी.