
पाकिस्तान ने दूसरी पारी में खराब शुरुआत के बावजूद पहले टेस्ट में मंगलवार को अपनी स्थिति मजबूत कर ली. अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे ऑफ स्पिनर बिलाल आसिफ ने छह विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल में डाल दिया.
बिलाल ने 36 रन देकर 6 विकेट चटकाए और ऑस्ट्रेलियाई पारी के पतन में अहम भूमिका निभाई. ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक समय बिना किसी नुकसान के 142 रन था, लेकिन उसने 60 रनों के अंदर सभी दस विकेट गंवा दिए और इस तरह से उसकी टीम 202 रन पर ढेर हो गई.
अपनी पहली पारी में 482 रन बनाने वाले पाकिस्तान को इस तरह से 280 रनों की बढ़त मिली. उसने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन नहीं दिया, लेकिन उसकी दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 45 रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए. इस तरह से अब पाकिस्तान की कुल बढ़त 325 रन हो गई है.