अमेरिका और नार्थ कोरिया के बीच जल्द शुरू होगी दूसरी शिखर बैठक…

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के बीच दूसरी शिखर बैठक जल्द ही होगी। दोनों देश इसके लिए राजी हो गए हैं।

बैठक में उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर उठाए जा रहे कदमों की अमेरिका द्वारा निगरानी किए जाने पर चर्चा हो सकती है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के कार्यालय ने यह जानकारी दी।

हालांकि, शिखर बैठक की जगह और तारीख को लेकर अभी घोषणा नहीं की गई है। ट्रंप और किम के बीच पहली शिखर बैठक जून में सिंगापुर में हुई थी।

चंद घंटों की यात्रा पर उत्तर कोरिया पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने कहा है कि उनका यह दौरा परमाणु निरस्त्रीकरण की दिशा में अगला पड़ाव है।

प्योंगयांग के सरकारी गेस्ट हाउस में किम के साथ दो घंटे चली मुलाकात के बाद पोंपियो ने कहा कि बातचीत अच्छी रही।

दोनों ने साथ में लंच भी किया। गत मार्च के बाद पोंपियो चौथी बार उत्तर कोरिया की यात्रा पर पहुंचे थे। पोंपियो के साथ लंच के दौरान किम ने कहा, ‘आज बहुत अच्छा दिन है जो दोनों देशों के अच्छे भविष्य की कामना करता है।’ जवाब में पोंपियो ने कहा, ‘मेजबानी के लिए धन्यवाद।

आज की सुबह हमारे लिए बहुत सफल रही। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।’ पोंपियो के साथ आए एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि इस बार की यात्रा पहले के मुकाबले ज्यादा सकारात्मक है। अपने इस एशिया दौरे पर पोंपियो सबसे पहले जापान गए थे। जापान से वह उत्तर कोरिया पहुंचे।

प्योंगयांग की तीन घंटे की संक्षिप्त यात्रा के बाद पोंपियो दक्षिण कोरिया गए और वहां राष्ट्रपति मून जे-इन से मुलाकात की। स्वदेश लौटने से पहले पोंपियो सोमवार को चीन जाएंगे।