बिहार में मनाया गया ‘पृथ्वी शॉ’ के शतक का जश्न…

18 साल की उम्र में भारत के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले पृथ्वी शॉ की हर जगह तारीफ हो रही है. पृथ्वी शॉ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करते ही शतक जड़ दिया.

पृथ्वी शॉ ने डेब्यू शतक (134 रन) के साथ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये. 18 साल 329 दिनों की उम्र में पृथ्वी की उपलब्धियां सुर्खियों में हैं.

पृथ्वी के बारे में एक चौंका देने वाला फैक्ट सामने आया है. दरअसल, पृथ्वी का जन्म तो मुंबई में हुआ है लेकिन उनका बिहार से बहुत गहरा नाता है.

पृथ्वी शॉ ने डेब्यू में ही पूरी की शतकों की ‘हैट्रिक’, अपने नाम किए ये रिकॉर्ड

पृथ्वी शॉ बिहार के गया जिले के मानपुर के रहने वाले हैं. पृथ्वी के पिता पंकज शॉ मूल रूप से मानपुर गांव के हैं. लेकिन, पृथ्वी का जन्म मुंबई के विरार इलाके में 9 नवंबर 1999 को हुआ था.

फिलहाल पृथ्वी के पिता पंकज भी मुंबई में ही रहते हैं. वह पृथ्वी के जन्म से पहले ही मुंबई चले गए थे और वहां कपड़े की दुकान चलाते थे. अब बिहार के गया जिले में मानपुर, शिवचरन लेन में पृथ्वी के दादा अशोक शॉ और दादी रामदुलारी रहती हैं.

मानपुर में पृथ्वी के दादाजी अशोक साव कपड़े की दुकान ‘बालाजी कटपीस’ चलाते हैं. पृथ्वी का टीम इंडिया के लिए चयन होने पर उनके दादा अशोक साव बधाई देने मुंबई भी गए थे.

डेब्यू शतक लगाने के बाद पृथ्वी की दादी की आंखे खुशी से नम हो गई. पृथ्वी के शतक लगाने के बाद उनके पैतृक निवास स्थान पर पड़ोसी भी फूले नहीं समा रहे हैं. लोगों ने ढोल बाजे के साथ पृथ्वी के दादा अशोक शॉ को मिठाई खिलाई और बधाइयां दीं.