
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले एक बार फिर से कोरबा से रायपुर के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। यह घोषणा बुधवार को केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने की। हसदेव एक्सप्रेस के नाम से चलने वाली यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन कोरबा-रायपुर के बीच चलेगी।
इस ट्रेन के परिचालन के लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी। अचानक केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इसकी घोषणा की, जो यहां के लोगों के लिए एक विशेष तोहफे की तरह रहा।
बता दें कि साल 2014 में भी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले इस ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया था, लेकिन चुनाव के 3 महीने बाद इस ट्रेन का परिचालन बंद हो गया। इस बार रेल मंत्री पीयूष गोयल इस ट्रेन के परिचालन का शुभारंभ करने के लिए खुद कोरबा आ रहे हैं।
6 अक्टूबर को कोरबा स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर वे इस ट्रेन का रवाना करेंगे। पिछली बार लंबे समय के इंतजार के बाद यहां के लोगों को सीधे राजधानी से जोड़ने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा मिली थी, जो इनके लिए काफी जरूरी थी। दूसरी तरफ लोगों को आशंका भी है कि कहीं दोबारा यह ट्रेन चुनाव के बाद बंद न हो जाए। नई ट्रेन को अन्य ट्रेनों के अतिरिक्त रेक को जोड़ कर तैयार किया गया है।