बल्लेबाजी करते समय पुजारा ने अपनी जेब में पानी की बोतल क्यों रखी…

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट के पहले दिन मैदान पर चेतेश्वर पुजारा ने कुछ ऐसा किया जो आमतौर पर नहीं देखा जाता। दरअसल पुजारा ने राजकोट टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजी के दौरान अपनी जेब में पानी की बोतल रखी, जो शायद ही किसी खिलाड़ी ने किया हो।

दरअसल राजकोट में इस समय काफी गर्मी है और इससे खिलाड़ियों को काफी परेशानी हो रही है। अब बार बार पवेलियन से किसी को बुलाने की जगह पुजारा ने जेब में ही पानी की बोतल रखना सही समझा। पुजारा खबर लिखे जाने तक अपना अर्धशतक जड़ चुके थे और गर्मी का असर उन पर साफ देखा जा सकता है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया की दीवार कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। धीमी बल्लेबाजी के लिए मशहूर पुजारा ने इस मैच में केवल 67 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की। इस दौरान पुजारा ने 9 चौके लगाए।

यह पुजारा के टेस्ट करियर का 19वां अर्धशतक है। इसके अलावा पुजारा के नाम 62 टेस्ट में 15 शतक भी दर्ज है। पुजारा ने अब तक अपने टेस्ट करियर में करीब 50 की औसत से रन बनाए हैं।