बजरंग दल के कार्यकर्ता की महोबा जिले में हुई हत्या, गुस्साए लोगों ने किया खूब हंगामा…

बुंदेलखंड के महोबा जिले उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बजरंग दल के कार्यकर्ता का शव एक पहाड़ी पर मिला. घटना की जानकारी के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव किया. कार्यकर्ताओं ने हत्या का केस दर्ज करने की मांग को लेकर शव अस्पताल के बाहर रख कर जाम लगा दिया. मृतक के परिजनों ने दूसरे समुदाय के युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है.

पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है. हंगामें की आशंका को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है. जानकारी के मुताबिक, मृतक एसपी आवास के पीछे बनी कांशीराम कॉलोनी में रहता था. इसी कॉलोनी के पीछे ही एक छोटी पहाड़ी है, जिस पर उसका शव संदिग्ध हालात में मिला. इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर जम कर आक्रोश जताते हुए हंगामा किया.

मृतक के परिजनों का आरोप है कि राहुल का विवाद कुछ दिन पहले जावेद नाम के युवक से हुआ था. विवाद के दौरान उसने जान से मारने की धमकी भी दी थी. वारदात के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया.

 

वहीं, बजरंग दल के जिला सह संयोजक का आरोप है कि कुछ दिन पहले जावेद ने राहुल के घर जाकर धमकी दी थी, जिसका एक वीडियो भी सामने आया था. मामला तूल पकड़ता देखकर इलाके में पीएसी और सभी थानों की फोर्स को तैनात कर दिया गया है. वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि एक युवक का शव पहाड़िया पर मिला था. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.