
भारत और वेस्टइंडीज के बीच गुरुवार को शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच राजकोट में हो रहा है. इस मैच के लिए बुधवार को ही टीम इंडिया के अंतिम 12 खिलाड़ियों की घोषणा हो गई. इस टीम में युवा खिलाड़ियों के चयन की उम्मीद थीं जिसमें पृथ्वी शॉ को तो मौका मिला, लेकिन बोर्ड अध्यक्ष एकादश और वेस्टइंडीज के बीच हुए मैच में 90 रनों की शानदार पारी खेलने वाले मयंक अग्रवाल का चयन न होना लोगों को हैरान कर रहा है.

इसके अलावा मयंक के चयन की अटकलें तब और तेज हो गईं थी जब बीसीसीआई ने मंगलवार को मयंक का नेट प्रैक्टिस करते हुए एक वीडियो जारी किया था. वेस्टइंडीज के खिलाफ इस सीरीज के लिए पृथ्वी शॉ और मंयक अग्रवाल के अलावा हनुमा विहारी को भी टीम में चुना गया था, लेकिन राजकोट टेस्ट के लिए केवल पृथ्वी शॉ को मौका मिला. वहीं हनुमा विहारी को इंग्लैंड में एक टेस्ट खेलने का मौका दिया जा चुका है, जबकि मयंक को अभी अपना पहला टेस्ट मैच खेलने के लिए और इंतजार करना होगा. पृथ्वी शॉ राजकोट टेस्ट में अपना टेस्ट करियर शुरू करेंगे.
विराट ने बताया सीरीज को नए खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका
वेस्टइंडीज सीरीज से ठीक पहले विराट कोहली ने एक बयान में कहा कि यह सीरीज टीम इंडिया के लिए किस तरह अहम है. वेस्ट इंडीज के खिलाफ दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच राजकोट में गुरुवार को ही शुरू हो रहा है. विराट का यह बयान उस समय आया है जब इस मैच के लिए कुछ देर पहले ही बीसीसीआई ने अपनी 12 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था. विराट ने अपने बयान में कहा, “हम इस सीरीज को एक बेंच मार्क की तरह से ले रहे हैं. टॉप आर्डर पर कुछ को मौका मिला है. उनके पास अपनी स्किल्स साबित करने का मौका है, मुझे लगता है कि यह उनका बढ़िया अवसर है.”
विराट ने कहा, “हनुमा विहारी, पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल को टीम में लाया गया क्योंकि उन्होंने घरेूल क्रिकेट में लगातार बढ़िया प्रदर्शन किया है. उन्हें इसे मौके की तरह लेना चाहिए, न कि दबाव की तरह, यह के बड़ा मौका है टीम में लंबे समय के लिए जगह बनाने और पक्का करने के लिए.”
दूसरे टेस्ट के लिए मयंक का चयन मुश्किल ही है
माना जा रहा है कि पहले टेस्ट में मंयक का चयन न होने से अब उनके दूसरे टेस्ट में भी चयन होना मुश्किल नजर आ रहा है. विराट टीम में दूसरे टेस्ट के लिए बदलाव ज्यादा नहीं करेंगे. इसके अलावा काफी कुछ अब पहले टेस्ट के परिणाम पर भी निर्भर हो जाएगा. इन हालातों में अब मयंक की उम्मीदें केवल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टिकी होंगी.
12 खिलाड़ियों की टीम इस तरह हैं:
विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, पृथ्वी शॉ, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शामी, उमेश यादव, शार्दुल ठाकुर