
कनाडा के एक शीर्ष मुस्लिम टैरिटी को सस्पेंड कर उस पर जुर्माना लगाया गया है। संगठन पर आरोप है कि उसने कश्मीर में भारतीय सेना के साथ लड़ने वाले सशस्त्र आतंकियों को एक लाख 36 हजार डॉलर की मदद भेजी थी। मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
कनाडा रेवेन्यू एजेंसी (CRA) ने कहा कि उसने इस्लामिक सोसाइटी ऑफ नार्थ अमेरिका-कनाडा (आईएसएनए-कनाडा) को 12 सितंबर से एक साल के लिए सस्पेंड कर दिया है। कनाडा के ग्लोबल न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इसके साथ ही उस पर पांच लाख 50 हजार डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है।

मीडिया आउटलेट को मिले CRA के ऑडिट दस्तावेज में आरोप लगाया गया है कि साल 2007 से 2009 के बीच आईएसएनए-कनाडा ने रिलीफ ऑर्गेनाइजेशन फॉर कश्मीरी मुस्लिम नाम के संगठन को 90 हजार डॉलर की मदद भेजी। ऑडिट दस्तावेजों से यह भी पता चला है कि उसने कश्मीरी रिलीफ फंड ऑफ कनाडा को 46 हजार डॉलर की मदद भेजी, जो पहले रिलीफ ऑर्गेनाइजेशन फॉर कश्मीरी मुस्लिम के लिए पैसे जुटाने का काम करता था।
CRA ने कहा कि पाकिस्तान की इस्लामिक राजनीतिक पार्टी जमात-ए-इस्लामी की चैरिटेबल आर्म रिलीफ ऑर्गेनाइजेशन फॉर कश्मीरी मुस्लिम है। इसकी सशस्त्र इकाई हिजबुल मुजाहिदीन है, जिसे भार, यूरोप और अमेरिका ने आतंकी संगठन के रूप में लिस्ट किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कनाडा ने संगठन के चैरिटी स्टेट्स को खत्म नहीं किया है। मगर, संगठन के विदेशी ऑपरेशन्स को बंद कर दिया है। हालांकि, संगठन ने कोई भी गलत काम करने की बात से इंकार किया है।