शत्रुघ्न सिन्हा: राफेल घोटाला तो बोफोर्स घोटाले का ग्रैंड फादर बन चूका है…

भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने मंगलवार को अपनी ही पार्टी और केंद्र सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने अपनी पार्टी और सरकार के प्रति बागी तेवर अख्तियार करते हुए कहा कि राफेल की कीमत 500 से 1600 करोड़ कैसे पहुंची।

10 दिन पहले बनी कंपनी को विमान बनाने का ऑर्डर क्यों दिया गया। यह बोफोर्स घोटाले का ग्रैंड फादर बना हुआ है। मैं कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं कर सकता हूं। सच्चाई से मुंह नहीं छिपा सकता। भाजपा में हूं पर उससे पहले भारत की जनता का हूं। राष्ट्रहित में आईना दिखाता हूं, तो देशद्रोही कहा जाता है।

मंगलवार को विद्यापति भवन में लाल बहादुर शास्त्री विचार मंच की ओर से आयोजित शास्त्री जयंती समारोह में शत्रुघ्न सिन्हा ने नोटबंदी और जीएसटी के खिलाफ अपने ही अंदाज में हमला बोला। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का नारा दिया था। आज देश में जवानों और किसानों की स्थिति दयनीय है। जब अपने अधिकारों की मांग पर किसान आंदोलन कर रहे हैं, तो जुल्म ढाये जा रहे हैं। यह कहां का इंसाफ है?

उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि देश में नोटबंदी की हवा निकल चुकी है। जीएसटी में अब तक 357 संशोधन हो चुके हैं। डिजिटल, स्टार्टअप, मेक इन इंडिया के नाम पर मेड इन चाइना ही बिक रहा है।

उन्होंने कहा कि कौरव के 100 भाइयों में दुर्योधन और दुशासन को छोड़ किसी तीसरे का नाम लोगों को पता नहीं है। अटलजी और मौजूदा सरकार का फर्क यह है कि 90 फीसद मंत्रियों को कोई नहीं जानता। दोनों सरकारों में लोकशाही और तानाशाही का अंतर है। वन नेशन, टू मैन आर्मी का शो चल रहा है।