कैंसर थेरेपी विकसित करने वाले अमेरिकी और जापानी वैज्ञानिकों को चिकित्सा का नोबेल

कैंसर के उपचार में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले अमेरिका के जेम्स एलिसन और जापान के तासुकु होंजो को इस साल के चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है। दोनों ने यह खोज की थी कि प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यून सिस्टम) किस तरह कैंसर से मुकाबला कर सकता है। बीती सदी के अंतिम दशक में वैज्ञानिकों की इस खोज से त्वचा कैंसर के सबसे घातक प्रकार मेलेनोमा और फेफड़े समेत कई तरह के कैंसर के लिए नए और प्रभावी इलाज के विकास की राह खुली, पहले इनका उपचार बेहद मुश्किल था।