सरकार ने गांधी का कद गिराकर उन्‍हें ‘वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक’ बना दिया: इतिहासकार इरफान हबीब

जाने-माने इतिहासकार इरफान हबीब ने बीजेपी नीत केंद्र सरकार पर महात्मा गांधी के कद को गिराकर स्वच्छ भारत मिशन के लिए ‘वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक’ के स्तर का करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों को राष्ट्रपिता के तौर पर उनकी विरासत का जश्न मनाना चाहिए. 87 वर्षीय हबीब यहां इतिहासकार, विद्वानों, कलाकारों, छात्रों और अन्य को संबोधित कर रहे थे. एसएएचएमएटी (सहमत) ने गांधी जयंती मनाने के लिए यहां एक व्याख्यान का आयोजन किया था.

स्वच्छ भारत मिशन में गांधी जी की तस्वीर के इस्तेमाल का हवाला देते हुए हबीब ने कहा, ‘‘आज, देश की बीजेपी सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक जैसा व्यवहार कर रही है. मेरे ख्याल से इस वक्त हमें राष्ट्रपिता के तौर पर उनकी विरासत का जश्न मनाना चाहिए.’’

अपने संबोधन में ‘पीपुल्स हिस्ट्री ऑफ इंडिया’ के लेखक ने राष्ट्रवाद और गांधी के विचार पर बात की और कहा कि राष्ट्र की अवधारणा देश से अलग है. उन्होंने कहा, ‘‘एक देश तब एक राष्ट्र बनता है तब इसे राजनीतिक इकाई के रूप में बनाने के गंभीर प्रयास किए जाते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने औपनिवेशिक काल में आजादी के संघर्ष के दौरान राष्ट्रवाद को सीखा है न कि कुछ प्राचीन ग्रंथों से जैसा कुछ दक्षिणपंथी संगठन हमें विश्वास दिलाना चाहते हैं.’’