बस हादसे के शिकार लोगों की मौत पर सीएम योगी ने जताया दुःख, आर्थिक मदद का आश्वासन

जिले के छावनी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि तीन की हालत गंभीर है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस को धक्का लगाते वक्त एक ट्रक की चपेट में आने से छह यात्रियों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी.

सीएम ने घायलों के इलाज के दिए निर्देश

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों तथा घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. उन्होंने घायलों का समुचित इलाज कराने के भी निर्देश दिए हैं. उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है.