
छत्तीसगढ़ के गांवों में आतंक का पर्याय बने जंगली हाथियों के साथ सेल्फी लेने के चक्कर में एक युवक की जान चली गई। हाथियों के झुंड के नजदीक पहुंचकर जब वह सेल्फी लेने में व्यस्त था, इसी दौरान एक हाथी ने लपक कर सूढ़ से उठाया और पटक कर पांव तले रौंद दिया।
नौ हाथियों का एक दल पिछले कुछ दिनों से कुनकुरी और पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। दल शनिवार की सुबह पत्थलगांव थाना क्षेत्र के कुनकुरी के जोराडोल ग्राम छिंदबहरी में पहुंच गया। हाथियों का यह दल हड्डी गोदाम के पास पहुंचा ही था कि ग्राम चौराआमा निवासी जीवन कुजूर पुत्र राम साय हाथियों के साथ सेल्फी लेने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान हाथी ने दौड़ कर हमला बोल दिया।