
जादू टोने की धमकी देकर बिहार का रहने वाला एक युवक पड़ोस में रहने वाली महिला से दुष्कर्म करता रहा। महिला गर्भवती हो गई। महिला ने बेटी को जन्म दिया। पति ने बेटी को अपनाने से इन्कार कर दिया। डीएनए टेस्ट करवाया गया। टेस्ट की रिपोर्ट फेल हो गई तो पीड़िता ने इस राज से पर्दा उठाया। पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। फिलहाल वह फरार हो गया है।
थाना दसूहा के तहत आने वाले एक गांव में रहने वाली पीडि़ता मूलरूप से बिहार की रहने वाली है। वह यहां पति के साथ किराये के कमरे में रहती है। उसने पुलिस से की शिकायत में बताया कि वासुदेव दास निवासी कड़ईया, थाना किशनपुर, जिला सुपौल यहां उसके पड़ोस में रहता है। एक ही प्रदेश से होने के कारण उसकी वासुदेव से बातचीत शुरू हो गई।
बातचीत करने के कुछ दिन बाद वासुदेव ने उसे धमकी दी कि वह जादू टोने का माहिर है। अगर उसके साथ संबंध नहीं बनाए तो वह पति को बर्बाद कर देगा। इसी डर से वह चुप रही। दुष्कर्म का शिकार होने के कारण वह गर्भवती हो गई। पुलिस आरोपित को काबू करने की कोशिश कर रही है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसका भी डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा।
पिता का पता लगाने के लिए पुलिस ने करवाया डीएनए टेस्ट