
बांग्लादेश ने एशिया कप के फाइनल तक पहुंच कर सभी का दिल जीत लिया, यही नहीं जिस तरह ये टीम फाइनल में भी खेली उससे हर तरफ इनकी तारीफ हो रही है। बांग्लादेश अगर फाइनल में पहुंचा तो इसकी सबसे बड़ी वजह रही इस टीम के कप्तान मरशफे मुर्तजा। इस खिलाड़ी ने तमाम मुश्किलों से अपनी टीम को बाहर निकाला और फाइनल तक पहुंचाया।
अब पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा ने भी मुर्तजा का एशिया कप का सर्वश्रेष्ठ कप्तान माना है। रमीज ने ट्वीट कर कहा कि भले ही रोहित ने ट्रॉफी जीती हो लेकिन मेरे लिए सर्वश्रेष्ठ कप्तान मुर्तजा है। उन्होंने जिस तरह तमीम और शाकिब के चोटिल हो जाने के बाद अपनी टीम को संभाला, वह सच में काबिलेतारीफ है।
वैसे रमीज राजा के राय से शायद कई लोग इत्तेफाक रखते सकते हैं क्योंकि तमीम इस टीम के बल्लबेबाजी के सबसे अनुभवी और जिम्मेदार बल्लेबज थे। हाल ही में वह शानदार फॉर्म में भी चल रहे थे। वहीं शाकिब इस टीम की रीढ़ की हड्डी है। गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी वह टीम के नंबर वन खिलाड़ी रहते हैं। लेकिन तमीम को टूर्नामेंट के पहले ही मैच में कलाई में चोट लग गई। वहीं शाकिब टूर्नामेंट से पहले ही अंगूठे की चोट की परेशानी से जूझ रहे थे लेकिन फाइनल से पहले उनकी चोट काफी गंभीर हो गई और वह इलाज के लिए बांग्लादेश लौट गए।
वहीं फाइनल मुकाबले में हार के बाद मुर्तजा ने कहा, ‘हमारे खिलाडि़यों को फक्र होना चाहिए। मुझे लगता है हमें काफी कुछ सीखने की जरूरत है। जब भी हम ऐसे टूर्नामेंटों में खेलते हैं तो किसी स्तर पर संघर्ष करते हैं। हमने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे अच्छे स्कोर में नहीं बदल सके। मैच हमारे नियंत्रण में था, लेकिन मौके को भुना नहीं सके।