छत्तीसगढ़ पुलिस में इन पदों के लिए होगी 3 वर्ष की छूट

छत्तीसगढ़ पुलिस में उपनिरीक्षक, सूबेदार और प्लाटून कमांडर के पदों पर नियुक्ति के लिए निर्धारित आयु सीमा में 3 वर्ष की बढ़ोतरी की गई है। गुरुवार को कैबिनेट की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। अब 33 वर्ष की आयु तक उम्मीदवार इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे। पहले इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित थी।

कैबिनेट की बैठक में कार्यपालिक (अराजपत्रित ) सेवा भर्ती नियम 2006 के नियम 8 (2) के अनुसार सूबेदार/उपनिरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमाण्डर के पद पर नियुक्ति के लिए निर्धारित अधिकतम आयु सीमा को शिथिल करते हुए चयन परीक्षा वर्ष 2018 के लिए आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट दिए जाने की निर्णय लिया गया है।

इन पदों पर नियुक्ति में अनुसूचित जनजाति वर्ग के पुरूष आवेदकों के लिए न्यूनतम उंचाई 163 सेमी और सीना बिना फुलाए 78 सेमी और फुलाने पर 83 सेमी निर्धारित करने का निर्णय लिया गया।