
राष्ट्रीय चिंतकों व विचारकों के संगठन प्रज्ञा प्रवाह का लोकमंथन गुरुवार से आरंभ होगा। इस द्विवार्षिक आयोजन का शुभारंभ उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू करेंगे। रांची एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का स्वागत राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, पू्र्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने किया। उपराष्ट्रपति पांच जिले साहिबगंज, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम और खूंटी को ओडीएफ घोषित करेंगे। शाम चार बजे वे खेलगांव में लोकमंथन का उदघाटन करेंगे।
उद्घाटन समारोह का स्वागत उद्बोधन केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नंदकुमार इंदू करेंगे जबकि कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक जे नंदकुमार करेंगे। मीडिया प्रभारी संजय आजाद के मुताबिक लोकमंथन के रांची संस्करण में भारतबोध : जन-गण-मन विषय पर चर्चा और विमर्श होगा। इसका मुख्य लक्ष्य कला से लेकर पर्यावरण तक विभिन्न विषयों पर बहुस्तरीय चर्चा का मंच उपलब्ध कराना है। लोकमंथन का पहला संस्करण दो वर्ष पूर्व भोपाल में हुआ था।
चार दिवसीय समारोह में चित्रकारों, मूर्तिकारों, नर्तकों और संगीतकारों का जमावड़ा भी खेलगांव में होगा। देश भर के चुनिंदा विश्वविद्यालयों के 3500 विद्यार्थियों ने इस वर्ष कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। खेलगांव होटवार के टाना भगत स्टेडियम में बुधवार को लोकमंथन कार्यक्रम में प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, अशोक भगत, खेल मंत्री अमर बाउरी आदि शामिल हुए।
ये विचारक आएंगे : उप्र विस अध्यक्ष ह्रदयनारायण दीक्षित, धर्मपाल, प्रो. रामेश्वर मिश्र ‘पंकज’, रवींद्र गुरुजी, आशीष कुमार गुप्ता, अमृतलाल वेगड़, प्रशांत पोल, गिरीश प्रभुणो, डा. विनय सहस्त्रबुद्धे, पी कनगसभापति, मनोज श्रीवास्तव, डा. कौशल पंवार, बाबा सत्यनारायण मौर्य, हर्षित जैन, गौरी प्रिया, सुदीप्तो सेन, आलोक पुराणिक, पदमश्री अशोक भगत, अजरुन मुंडा, राकेश मिश्र, डा. अनिर्बान गांगुली आदि।