
एशिया कप 2018 में सभी को चौंकाते हुए फाइनल में पहुंचने वाली बांग्लादेश के लिए एक बुरी खबर आ रही है। टीम के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक शाकिब-अल-हसन चोट के कारण खिताबी मुकाबले से बाहर हो चुके हैं।
मतलब अब शुक्रवार को टीम इंडिया के खिलाफ होने वाले फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को अपने सबसे बेहतरीन खिलाड़ी शाकिब-अल-हसन के बिना ही खेलना पड़ेगा। वे बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी नहीं खेले थे।
टीम मैनेजर खलील महमूद के अनुसार शाकिब के बाएं हाथ में पहले चोट लगी थी, बीती रात छोटी अंगुली में सूजन के चलते उन्हें डॉक्टर से इलाज कराया गया था। फीजियो थिहान चंद्रमोहन ने उन्हें मैदान पर लाने की काफी कोशिश की लेकिन दर्द काफी ज्यादा था। मैं शाकिब का दर्द के साथ पहले चार मैच खेलने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं।
कैसे लगी थी चोट?
शाकिब-अल-हसन को इस साल की शुरुआत में श्रीलंका में खेली गई त्रिकोणीय निदहास ट्रॉफी में यह चोट लगी थी। सितंबर में उनकी सर्जरी होनी थी, लेकिन अपने डॉक्टर्स से सलाह लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के कहने पर उन्होंने एशिया कप में भाग लिया, जहां उनकी यह चोट और घातक हो गई।