
एशिया कप में भारत और अफगानिस्तान के बीच टाई हुए मैच में अंपायरों की गलतियों पर अपने विशेष अंदाज में कटाक्ष करते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि वह इस बारे में टिप्पणी करके जुर्माना नहीं भरना चाहते हैं.
धोनी और दिनेश कार्तिक को मैदानी अंपायरों- वेस्टइंडीज के ग्रेगरी ब्रेथवेट और बांग्लादेश के अनीसुर रहमान ने एलबीडब्ल्यू आउट दिया. टीवी रीप्ले से हालांकि साफ लग रहा था कि दोनों अवसरों पर गेंद विकेट पर नहीं लग रही थी.
धोनी को कामचलाऊ ऑफ स्पिनर जावेद अहमदी ने आउट किया और तब लग रहा था कि गेंद स्टंप के ऊपर से जा रही थी. कार्तिक को मोहम्मद नबी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट देना तो सबसे बड़ी गलती थी. क्योंकि तब गेंद लेग स्टंप से काफी बाहर जा रही थी.
केदार जाधव भी दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हुए और भारत 253 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 252 रन पर आउट हो गया. इस मैच में टीम की अगुवाई कर रहे धोनी ने मैच के बाद कहा, ‘कुछ खिलाड़ी रन आउट हो गए और कुछ अन्य चीजें हैं, जिन पर हम बात नहीं कर सकते हैं क्योंकि इसके लिए मैं जुर्माना नहीं भरना चाहता हूं.’
अंपायरों के फैसले की सार्वजनिक आलोचना करने पर आईसीसी जुर्माना लगा सकती है और इसलिए धोनी ने टिप्पणी करने में सतर्कता बरती. उन्होंने हालांकि अफगानिस्तान की तारीफ की.
धोनी ने कहा, ‘उनकी (अफगानिस्तान) क्रिकेट में बहुत सुधार हुआ है. एशिया कप में जिस तरह से उन्होंने अच्छा प्रदर्शन जारी रखा है वह प्रशंसनीय है और हमने उनकी क्रिकेट का लुत्फ उठाया. इस टीम ने हर विभाग में सुधार किया है.