आखिरकार गर्मी से मिलेगी राहत! मौसम विभाग ने जारी किया आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

अप्रैल का महीना शुरू हो चुका है। देश के अधिकतर हिस्सों में गर्मी से लोग बेहाल हैं। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच जा रहा है। अभी आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार हैं। लेकिन बीते 24 घंटों में देश के कुछ हिस्सों में हुई बारिश ने लोगों को फौरी तौर पर राहत दे दी। अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इसके अलावा कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं ने मौसम की तपिश को कम किया। अभी आने वाले दिनों में कई जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

यहां आएगा आंधी-तूफान

मौसम विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अगले 4-5 दिनों में गरज के साथ बिजली चमकने, तेज हवा और ओलावृष्टि की संभावना है। इसके अलावा गुजरात, केरल, तमिलनाडु में आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है। 2 अप्रैल को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल समेत देश के आधे हिस्सों में आंधी-तूफान से मौसम में राहत मिल सकती है। कई जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं 3 और 4 अप्रैल को केरल, कर्नाटक मे भारी बारिश होगी।

तापमान में भी होगा उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वी भारत मे 2 अप्रैल तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में 2 अप्रैल तक 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। लेकिन मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। महाराष्ट्र में भी तापमान में कमी आएगी। सौराष्ट्र और कच्छ में 1 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर हीट वेव की संभावना जताई गई है। मराठवाड़ा के इलाके में एक चक्रवात संचालन सक्रिय है। अन्य चक्रवात संचालन बंगाल की खाड़ी में भी बना हुआ है। वहीं असम पर भी चक्रवात संचालन सक्रिय है। अप्रैल का महीना निकालेगा पसीना अप्रैल में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान रहने की संभावना है। हालांकि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य अधिकतम तापमान रहेगा।
E-Paper