
दक्षिण-पूर्वी नेपाल में चार अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर भागकर भारत चले गए. 
समाजसेवी के तौर पर हुई मृतक की पहचान
पुलिस ने कहा कि हमलावर संदिग्ध भारतीय अपराधी थे. उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान मौलाना खुर्शीद अंसारी के तौर पर हुई है. अंसारी एक समाजसेवी और एक स्थानीय स्कूल प्रबंधन के अध्यक्ष थे.
भारत-नेपाल सीमा से 14 किलोमीटर पर हुई घटना
यह घटना सुनसरी जिले में भारत-नेपाल सीमा से 14 किलोमीटर दूर हरिनगर इलाके में गुरूवार को हुई. पुलिस ने बताया कि हमलावर एक मोटरसाइकिल पर आए, अंसारी की गोली मारकर हत्या की और भागकर भारत चले गए. हत्या का कारण अब तक पता नहीं चल सका है.
पुलिस कॉन्स्टेबल को भी मारी गोली
‘काठमांडो पोस्ट’ के मुताबिक, हमलावर जब भारत भाग रहे थे तो उन्होंने शिव पौडेल नाम के एक पुलिस कॉन्स्टेबल को भी गोली मार दी. पौडेल ने उन्हें घुकशी बाजार में रोकने की कोशिश की थी. अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, पौडेल को इलाज के लिए धरान ले जाया गया है.
हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोग
इस बीच, अंसारी की हत्या के विरोध में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी तक वे पुलिस को मृतक का शव नहीं ले जाने देंगे.विरोध प्रदर्शन के कारण वाहनों की आवाजाही ठप हो गई. अंसारी नेपाल मुस्लिम समाज के उपाध्यक्ष भी थे.