VIDEO: ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तां’ में ‘खुदाबक्श’ बने हैं अमिताभ, जारी हुआ लुक

आमिर खान और मेगास्टार अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तां’ का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। यह फिल्म इस साल दिवाली पर रिलीज होगी। इस फिल्म के प्रचार की पहली कड़ी में सोमवार को फिल्म का लोगो रिलीज किया गया था। आज मंगलवार को एक और मोशन पोस्टर जारी हुआ जिसमें सबसे पहले महानायक की एंट्री हुई है। फिल्म में उनका नाम खुदाबक्श है। अमिताभ बच्चन किसी कबीले के सरदार की तरह लग रहे हैं। बढ़ी हुई दाढ़ी मूंछ। कुछ कुछ खुदा गवाह जैसे। कटार और तलवार के साथ। विजय कृष्ण आचार्य के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तां’ के लिए यशराज फिल्मस ने यह पहला लुक पेश किया है।

हॉलीवुड की पिरेट्स ऑफ कैरेबियन की तर्ज पर बॉलीवुड में अपनी तरह की पहली भव्यतम फिल्म लाने का दावा करने के साथ अब इसके एक-एक किरदारों को सामने लाया जा रहा है।

फिल्म के छह मुख्य किरदारों को लेकर छह मोशन पोस्टर बनाये गए हैं , जिन्हें हर दिन एक एक कर जारी किया जाएगा। ये पोस्टर इन किरदारों का इंट्रोडक्शन होगा। फिल्म में पहली बार दो धुरंधर यानि अमिताभ बच्चन और आमिर खान पहली बार काम कर रहे हैं। इन दोनों के साथ कटरीना कैफ और फातिमा सना शेख का भी अहम् किरदार है। इनके अलावा रोनित रॉय, अब्दुल कादिर अमीन और सत्यदेव कांचराना भी हैं। ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तां’ को लेकर अभी तक कोई कहानी का खुलासा तो नहीं हुआ है लेकिन सूत्रों के मुताबिक ये भारत के ठगों के कबीले की कहानी होगी। वो समुद्री लुटेरों की तरह का कोई कारनामा करेंगे।

कहानी ठगों के पीढ़ियों की है। अब तक आये स्टारकास्ट के ऑउटफिट और माल्टा में पानी के जहाज पर शूटिंग से इस तरह की कहानी समझ में आती है। फिल्म को लेकर निर्माता आदित्य चोपड़ा इस बात पर कड़ी नज़र रखे हुए थे कि फिल्म से जुडी जानकारी बाहर न जा सके। बताते हैं कि ये फिल्म 1839 में आई फिलिप मेडॉस टेलर के नॉवेल कन्फेशन ऑफ़ अ ठग पर आधारित है।

19वीं शताब्दी में आमिर अली नाम के ठग और उसके गैंग ने ब्रिटिश साम्राज्य की चूलें हिला कर रख दी थीं। फिल्म में काफ़ी स्पेशल इफेक्ट्स भी होंगे।जानकारी के मुताबिक फिल्म का ट्रेलर 27 सितम्बर को रिलीज़ किया जा सकता है क्योंकि उस दिन यश चोपड़ा का जन्मदिन है। इस साल दिवाली के मौके पर आठ नवंबर को रिलीज़ हो रही ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान को हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में भी रिलीज़ किया जाएगा।