यूं फेसबुक से अपराधी आप पर रख रहे नजर, बार-बार पोस्ट करने से आएं बाज

हाल में पकड़े गए एक गैंग ने एक सनसनीखेज खुलासा किया। गैंग के एक सदस्य ने पुलिस की पूछताछ के दौरान जो बताया उसे सुनकर पुलिस अफसर भी सन्न रह गए। पुलिस का सवाल था कि जिस घर में उन्होंने चोरी की थी, उसकी रेकी कब और किसने की थी। उन्हें कैसे पता चला कि उस घर में रहने वाले सभी लोग बाहर घूमने के लिए गए हुए हैं। जिस पर गैंग के उस सदस्य का जवाब था कि उक्त परिवार ने सोशल नेटवर्किग साइट फेसबुक पर अपनी 15 फोटो अपलोड की थी, जिसमें उस परिवार के सभी सदस्य थे। साथ में उक्त परिवार ने अपना स्टेट्स भी अपलोड किया था कि वो लोग एक सप्ताह के लिए बाहर टूर पर इंज्वाय कर रहे हैं।

बात बेहद छोटी सी है, मगर है बहुत गंभीर। हाईटेक हो चुके अपराधी अब लोगों की निजी जानकारियां लेने के लिए सोशल नेटवर्किग साइट्स का सहारा ले वारदातें कर रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारियां डालना खतरनाक है।

फेसबुक पर हार देख लूटने आया

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक उद्यमी के घर में लूट की वारदात करने के लिए आए बदमाशों ने उद्यमी की पत्नी ने पूछा कि हाल ही में खरीदा हीरों का नया हार कहां है। जब उद्यमी की पत्नी ने उससे पूछा कि उसे उस हार के बारे में कैसे पता तो उसने बताया कि वो उसके साथ फेसबुक पर फ्रेंड है। फिर महिला को याद आया कि हीरों का हार खरीदने के अगले ही दिन उसने उसका स्टेट्स फेसबुक पर अपलोड किया था।

बरतें सतर्कता

पुलिस कमिश्नर सुखचैन सिंह का कहना है कि अपनी निजी जानकारी को बढ़ा चढ़ा कर सोशल मीडिया पर अपडेट न करें। इसके लिए समय समय पर बच्चों को जागरूक करते रहें। अनजान लोगों के साथ बात करते समय सर्तकता बरतें।