जब सचिन तेंदुलकर के पहले ही मैच में वसीम अकरम ने पूछा- क्या मम्मी से पूछकर आया है?

क्रिकेट के ‘भगवान’ सचिन तेंदुलकर ने 15 नवंबर 1989 को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू मैच खेला था. उस समय सचिन की उम्र महज 16 साल थी. हालांकि, क्रिकेट जगत में सचिन तेंदुलकर स्कूली समय में ही नाम कमा चुके थे. यही वजह थी कि उन्हें इतनी जल्दी नेशनल टीम में खेलने का मौका मिला. उस समय पाकिस्तानी टीम में खतरनाक इमरान खान, वसीम अकरम और वकार युनूस जैसी पेस बैटरी थी. हाल ही में ‘सलाम क्रिकेट’ नाम के एक क्रिकेट टॉक शो में वसीम अकरम ने बताया कि सचिन तेंदुलकर से उनका पहली बार सामना कैसे हुआ. 

क्रिकेट जगत में बेशक सचिन तेंदुलकर और वसीम अकरम एक-दूसरे का बेहद सम्मान करते हैं, लेकिन पहली ही मुलाकात में वसीम अकरम ने सचिन तेंदुलकर की मैच के दौरान स्लेजिंग की थी. दरअसल, सचिन से पहली बार मिलने पर अकरम को लगा कि यह लड़का तो 14 साल का लग रहा है. 

वसीम अकरम ने शो में बताया, हमने सचिन के बारे में पढ़ा था कि क्रिकेट की नई सनसनी पाकिस्तान आ रही है और उसकी उम्र केवल 16 साल है. जब वह बल्लेबाजी के लिए आए तो मुझे लगा कि यह तो केवल 14 साल का लग रहा है. तब मैंने उनसे कहा था- ‘मम्मी से पूछ कर आया है?’