
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिना पूर्व घोषित कार्यक्रम के सोमवार को दिल्ली रवाना हो गए और मंगलवार की सुबह दिल्ली एम्स में भर्ती हुए। उनका रूटीन हेल्थ चेकअप हो रहा है। उन्हें अस्पताल के प्राइवेट वार्ड नंबर 501 में भर्ती कराया गया है। अपने हेल्थ चेकअप के लिए वो आज सुबह 9.30 बजे ही एम्स पहुंचे। वो दिल्ली में अपने नये आवास 6 के कामराज लेन में रह रहे हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले कई दिनों से बीमार थे और इसीलिए वो दिल्ली गए हैं। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री को आंख और घुटने से संबंधित परेशानी है।
दिल्ली जाने से पहले नीतीश को इन दिनों वायरल फीवर की भी शिकायत थी जिसके कारण पिछले दिनों सीएम के कई कार्यक्रम को रद कर दिया गया था। जानकारी के मुताबिक दिल्ली एम्स के डायरेक्टर डॉक्टर रणदीप गुलेरिया की निगरानी में सीएम नीतीश कुमार का चेकअप किया जा रहा है।
बता दें कि नीतीश की बीमारी को लेकर बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी तंज कसा था और उनके स्वास्थ्य को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी करने की मांग की थी।
तेजस्वी ने अपने ट्वीट में लिखा था कि बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी विगत 7 दिनों से अस्वस्थ है। सभी कार्यक्रम रद्द है। हम मांग करते है कि मुख्यमंत्री जी के स्वास्थ्य और बीमारी संबंधी बुलेटिन जारी कर प्रदेश की जनता को संबंधित जानकारी से अवगत कराया जाए।