
अगर सपना बड़ा है तो मेहनत भी उतनी ही बड़ी और ज्यादा करना पड़ती है। मेरी इच्छा है कि दुनिया के सबसे बेहतर और अच्छे किरदार निभाने का मौका मुझे मिलता रहे और मैं हमेशा अच्छी फिल्मों का हिस्सा बनता रहूं। यह कहना है कि पॉवरपैक परफॉर्मर प्रसिद्ध अभिनेता मनोज बाजपेई का। जागरण डॉट कॉम के शो ‘लाइट्स कैमरा एक्शन’ में एंटरटेनमेंट एडिटर पराग छापेकर से बात करते हुए मनोज बाजपेई ने अपनी फिल्मी सफर को लेकर कई राज खोले। 
भूख ज्यादा है
मनोज बाजपेई फिल्म दर फिल्म अलग-अलग किरदार निभाते नजर आ रहे हैं। खुदको इस प्रकार इवॉल्व करने को लेकर मनोज बाजपेई ने कहा कि, मुझे भूख बहुत ज्यादा है अच्छे किरदार निभाने की। इसलिए मैं खूब मेहनत करने में विश्वास रखता हूं। इसलिए यह बात भी कहता हूं कि अगर सपना बड़ा है और भूख ज्यादा है तो तैयारी भी बड़े स्तर पर करना होती है।
मनोज अपनी फिल्म सत्या को लेकर कहते हैं कि, फिल्म सत्या करने से पहले मेरे अंदर गुस्सा था। उस समय शायद दुनिया का सबसे ज्यादा गुस्सा करने वाला आदमी मैं ही था। सत्या करने से पहले मेरे अंदर छटपटाहट थी कि कैसे मैं अपने टेलेंट का उपयोग करूं। और मुझे लगता है कि सत्या में मेरे टेलेंट का पूरा इस्तेमाल हुआ। मनोज बाजपेई से हुई खास बातचीत को आप लाइट्स कैमरा एक्शन शो में देख सकते हैं जिसमें उन्होंने अपने संघर्ष को लेकर भी बात की।