एम्स में चल रहा है इलाज, बीजेपी ने कहा- ठीक हैं पर्रिकर, गोवा का सीएम बदलने की जरूरत नहीं

बीजेपी ने रविवार को गोवा में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना को खारिज कर दिया और दावा किया कि राजधानी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ठीक हैं. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने पर्रिकर की अस्वस्थता के मद्देनजर तटवर्ती राज्य गोवा में राजनीतिक स्थिति का जायजा लेने के लिए पार्टी के तीन वरिष्ठ सदस्यों…बी एल संतोष, राम लाल और विनय पुराणिक को भेजा था. रामलाल ने यहां प्रदेश भाजपा नेताओं के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘आज जो भी चर्चा हुई उसके बारे में कल आपको जानकारी दी जाएगी. सरकार के बारे में कोई मुद्दा नहीं है और किसी की ओर से नेतृत्व परिवर्तन की कोई मांग नहीं है.’

उन्होंने बैठक के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी लेकिन गोवा भाजपा अध्यक्ष विनय तेंदुलकर ने कहा कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का कोई सवाल नहीं है क्योंकि पर्रिकर ‘ठीक’ हैं. उन्होंने कहा, ‘आज केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ बैठक के दौरान हमने संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की. नेतृत्व का कोई मुद्दा नहीं है.’ पर्रिकर को अग्नाशय संबंधी बीमारी के इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है. आईआईटी इंजीनियर से राजनेता बने 62 वर्षीय पर्रिकर दो क्षेत्रीय सहयोगियों गोवा फारवर्ड पार्टी और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी तथा तीन निर्दलीयों के सहयोग से गोवा में सरकार चला रहे हैं.

यह उल्लेख करने पर कि गोवा फारवर्ड पार्टी ने पर्रिकर की अस्वस्थता के मद्देनजर उत्पन्न स्थिति का एक ‘‘स्थायी हल’’ निकालने के लिए कहा है, तेंदुलकर ने कहा कि नेता बदलने की कोई जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य अच्छा है और नेतृत्व परिवर्तन की कोई जरूरत नहीं है. कोर कमेटी (गोवा भाजपा की) की कल बैठक होगी.

दूसरी ओर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के सूत्रों ने रविवार को बताया कि अग्नाशय संबंधी बीमारी से पीड़ित पर्रिकर को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के प्रमोद गर्ग की निगरानी में पुराने निजी वार्ड में भर्ती कराया गया है. सूत्रों ने कहा, ‘उनके कई टेस्ट चल रहे हैं.’ पर्रिकर (62) को उनकी बिगड़ती सेहत के चलते राष्ट्रीय राजधानी लाया गया है. वह अमेरिका से इलाज करा कर सितंबर के पहले सप्ताह में लौटे और इसके बाद उन्हें उत्तर गोवा के कैंडोलिम में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. साल की शुरुआत में पर्रिकर का अमेरिका में तीन महीने तक लंबा इलाज चला.