America में हर 7 वां व्यक्ति प्रवासी, इसमें भी भारतीय टॉप पर

पिछले सप्ताह यूएस सेंसेस बोर्ड की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार अमेरिका में प्रवासियों की संख्या पूरी जनसंख्या के 14 फीसदी तक पहुंच चुकी है. यदि दूसरे शब्दों में कहें तो अमेरिका में रहने वाला हर सातवां व्यक्ति अमेरिका में पैदा नहीं हुआ है. अंग्रेजी के अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार ये आंकड़े अमेरिकी कम्यूनिटी सर्वे 2017 की रिपोर्ट के आधार पर है. इस रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में प्रवासियों की संख्या 2016 से जुलाई 2017 तक 1.8 फीसदी तक बढ़ गई. इसमें भारतीय मूल के लोगों की संख्या सबसे तेजी से बढ़ी है.

पिछले 100 में देश में कभी नहीं थे इतने प्रवासी

सामान्य तार पर अमेरिका को प्रवासियों के देश के तौर पर जाना जाता है. लेकिन पिछले 100 सालों में इस देश में प्रवासियों की संख्या इतनी कभी नहीं रही. अमेरिकी संस्था द सेंटर फॉर इमीग्रेट स्टडीज ने कहा है कि प्रवासियों की संख्या में पिछले दिनों रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है.

वर्ष 1980 में 16 में से सिर्फ एक व्यक्ति ही विदेशी था

वर्ष 1980 में अमेरिका में 16 में से एक व्यक्ति विदेशी मूल का था. द सेंटर फॉर इमीग्रेट स्टडीज की ओर से उपलब्ध डेटा का अध्ययन करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि वर्ष 2010 से 2017 के बीच भारत से लगभग 8.30 लाख लोग अमेरिका पहुंचे. वहीं चीन से लगभग 6.77 लाख लोग प्रवासी के तौर पर अमेरिका पहुंचे. डोमिनिकन गणराज्य से लगभग 2.83 लाख लोग इस दौरान अमेरिका पहुंचे. 2010 से 2017 के बीच भारत से पहुंचे प्रवासियों की संख्या में 47 फीसदी की वृद्धि हुई वहीं चीन से पहुंचे प्रवासियों की संख्या में 31 फीसदी और डोमिनिकन गणराज्य से पहुंचे लोगों की संख्या में 32 फीसदी वृद्धि हुई. वहीं इस दौरान नेपाल से अमेरिका पहुंचने वाले प्रवासियों की संख्या में भी तेज वृद्धि देखी गई है. 2010 से जुलाई 2017 तक लगभग 1.52 लाख नेपाली लोग अमेरिका पहुंचे हैं. अमेरिका में पाकस्तानी नागरिकों की संख्या भी लगभग 04 लाख के करीब पहुंच चुकी है ये इनकी संख्या में इस दौरान 31 फीसदी की वृद्धि हुई है.