
उत्तराखंड में मौसम ने राहत दी तो सड़कों से मलबा हटाने के कार्य ने रफ्तार पकड़ी। लोक निर्माण विभाग की टीम ने तीस से ज्यादा संपर्क मार्गों पर आवागमन बहाल कर दिया है। हालांकि अब भी करीब 40 मार्गों पर आवागमन बाधित है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक रविवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर शासन ने सभी जिलाधिकारियों से सतर्क रहने को कहा है।
शनिवार को प्रदेश में सुबह से बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। हरिद्वार, रुड़की और ऊधमसिंह नगर में धूप खिली रही। ऋषिकेश के पास रायवाला क्षेत्र में सौंग नदी का जल स्तर आज सामान्य रहा। इससे सिंचाई विभाग ने क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया है। गुरुवार रात गांव में पानी घुसने के बाद घर छोड़कर गए दो दर्जन परिवार भी लौट आए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में चार धाम यात्रा मार्गों पर आज यातायात सुचारु रहा। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
दून, मसूरी में एक-दो दौर बारिश के आसार
राज्य में अभी कुछ और दिन मानसून सक्रिय रहेगा। जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती हैं। शनिवार को दिनभर हल्के बादलों के बीच धूप निकलने से लोग उमस से परेशान रहे। अगले 24 घंटों में प्रदेश में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। दून और मसूरी में एक-दो दौर की बारिश हो सकती है।
राज्य मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। साथ ही कुछ स्थानों पर माध्यम से हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 33.8 व न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अभी कुछ दिन राज्य में मानसून सक्रिय रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती हैं।