अमरिंदर सिंंह बोले, पंजाब में हर हाल में कायम रहेगी अमन-शांति

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि राज्य में अमन-कानून की स्थिति और शांति बहाली हर हालत में कायम रखी जाएगी। इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा । मुख्यमंत्री ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल राज्य के लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना चाहता है, लेकिन पंजाब सरकार पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों का सम्मान करते हुए राज्य में शांति बहाली के लिए हर कदम उठाएगी। ताकि कोई भी अप्रिय घटना न हो।अमरिंदर सिंंह बोले, पंजाब में हर हाल में कायम रहेगी अमन-शांति

काबिलेगौर है कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने शिरोमणि अकाली दल को फरीदकोट में रैली करने की इजाजत दे दी। यह आदेश आने के बाद राज्य सरकार ने रैली को लेकर अकाली दल और गरम दलीय नेताओं में होने वाले संभावित टकराव से निपटने के लिए सुरक्षा की कड़े इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही शिअद और गरमपंथी संगठनों के आगे टकराव की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

पंजाब सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि गृह विभाग ने राज्‍य में अमन कानून की स्थिति बनाए रखने के लिए जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। ऐसा इंटेलीजेंस विभाग के इनपुट्स को लेकर किया जा रहा है। हालांकि राज्य की मशीनरी जिला एवं ब्लॉक समिति के चुनाव को लेकर व्यस्त है।

इसके बावजूद फरीदकोट में भारी मात्रा में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि फरीदकोट के एसडीएम ने सुरक्षा के लिए फोर्स न मिलने के कारण ही रैली करने की इजाजत नहीं दी थी, लेकिन पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के आदेश दे दिए गए हैं।