
कहते हैं मोहब्बत एक ऐसा एहसास है जो बड़े-बड़ों को झुकने पर मजबूर कर देता है. चाहे वह राजा हो या फकीर अपने प्यार के सामने झुकने पर प्यार करने वालों को कोई झिझक नहीं होती. वह यह नहीं सोचते कि दुनिया उनके बारे में क्या कहेगी. ऐसा ही कुछ कर दिखाया है भूटान के पूर्व प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने. दरअसल, की एक फोटो सोशल मीडिया पर इन दिनों काफी वायरल हो रही है. इस तस्वीर में वह एक कीचड़ भरे रास्ते में अपनी पत्नी ताशी दोमा को पीठ पर उठा कर ले जा रहे हैं. वहीं शेरिंग की यह तस्वीर देखकर हर कोई न केवल उसे शेयर कर रहा है बल्कि उनकी काफी तारीफ भी कर रहा है.
शेरिंग ने ट्विटर पर फोटो शेयर की
ट्विटर पर लोग उनके इस जज्बे और अपनी पत्नी के लिए उनके प्यार की जमकर तारीफ कर रहे हैं. बता दें भूटान के पूर्व प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने यह तस्वीर अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की है और उसके साथ ही एक कैप्शन भी लिखा है, जो कि बेहद खूबसूरत है. उन्होंने लिखा ‘यह सर वॉल्टर रैले जैसा खूबसूरत तो नहीं, लेकिन मैंने वह किया जो हर पति को अपनी पत्नी के पैरों को साफ रखने के लिए करना चाहिए.’
सर वॉल्टर जितना खूबसूरत नहीं
दरअसल, सर वॉल्टर रैले ब्रिटिश सेना के हिस्सा होने के साथ ही एक कवि भी थे. उनके बारे में एक कहानी बेहद प्रचलित है, जिसमें कहा जाता है कि एक कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने के दौरान जब महारानी एलिजाबेथ प्रथम पैदल चल रही थीं तभी उनके पैरों के नीचे कीचड़ आने वाला था, ऐसे में महारानी एलिजाबेथ के पैरों को कीचड़ से बचाने के लिए सर वॉल्टर रैले ने अपना ओवरकोट महारानी के पैरों के नीचे बिछा दिया. सर वॉल्टर के इस कदम को वीरता का उदाहरण बताया जाता है क्योंकि उन्होंने महारानी एलिजाबेथ के पैर गंदे नहीं होने दिए.
सोशल मीडिया पर शेरिंग तोबगे की तारीफ
वहीं शेरिंग तोबगे की इस फोटो को सोशल मीडिया पर लोग जमकर शेयर कर रहे हैं और तोबगे की पोस्ट पर कमेंट भी कर रहे हैं. लोगों को शेरिंग का अपनी पत्नी के प्रति प्यार जताने का यह तरीका बेहद पसंद आ रहा है. उनकी इस फोटो से बाद से ही लोग उनके इस कदम की खूब तारीफ कर रहे हैं.