
युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान युवती अचानक घर से गायब हो गई। परिजन उसे तीन दिन तक ढूंढते रहे पर उसका कुछ पता नहीं चला। फिर अचानक वह प्रेमी के घर से मिली, लेकिन जिस हाल में वह मिली उससे परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बिस्तर पर युवती का शव सड़ी गली हालत में पड़ा था। बहरहाल, युवती के प्रेमी ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है।
डीएसपी सिटी राजेश छिब्बर ने बताया कि संघेड़ा निवासी 25 वर्षीय युवती चरनजीत कौर के पिता गुरमीत सिंह ने बताया कि 9 सितंबर को उनकी बेटी गुरुघर जाने की बात कहकर गई थी, जब वह शाम तक घर नहीं लौटी तो लापता होने की सूचना उन्होंने पुलिस को थी, परंतु उसका कोई पता नहीं चल सका।
डीएसपी राजेश ने बताया कि तीन दिन बाद ग्रामसभा सदस्य महेंद्र सिंह को पड़ोस के घर से बदबू आई तो उन्होंने इसकी सूचना थाना सिटी वन की पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपित युवक हरदीप सिंह (28) पुत्र स्व. एमसी बिंदल सिंह निवासी सूजा पत्ती गली नंबर 16 संघेड़ा के घर पर लगे ताले को तोड़कर अंदर देखा तो घर के एक कमरे में बेड पर युवती चरनजीत कौर का सड़ा गला शव पड़ा था।
शव पूरी तरह से काला पड़ चुका था, जबकि कमरे का पंखा व एसी चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल बरनाला की मोर्चरी में रखवा दिया है व मृतका चरनजीत कौर के पिता गुरमीत सिंह के बयान के आधार पर आरोपित युवक हरदीप सिंह पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।