ऐसा कोई सगा नहीं जिसे इस शातिर ने ठगा नहीं, गजब अंदाज में उड़ाए 50 लाख रुपये

जिले के गांव कालवां के एक नटवरलाल ने ठगी का गजब का तरीका अपनाया और अपने रिश्‍तेदारों व करीबियों को ही शिकार बना डाला। एेसा काेई सगा नहीं बचा जिसे उसने ठगा नहीं। शातिर ने ठगी की शुरूआत अपनी सगी चाची से की। चाची को उसने लघु बचत योजना के नाम पर ठगा। इसके बाद उसने धोखाधड़ी का ऐसा सिलसिला शुरू किया कि करीब 200 रिश्तेदारों और उनके जानकारों से 50 लाख रुपये ठग लिये। चाची की शिकायत के बाद उसके खेल का भंडाफोड़ हुआ है। इसके बाद वह अपनी पत्नी को साथ लेकर गांव से गायब हो गया।

ठगी का शिकार हुई चाची कुलविंदर कौर ने थाना अनाज मंडी पुलिस के पास शिकायत की है कि भतीजे जतिंदर सिंह और पत्नी गुरमीत कौर ने उससे ठगी की है। जतिंदर ने धोखाधड़ी का नेटवर्क दो साल से चला रखा था। वह फिरोजपुर, सरहिंद, समाना, अंबाला और दिल्ली तक के सभी रिश्तेदारों और आगे उनके जानने वालों को ठग चुका है। किसी को शक न हो इसलिए वह 25 से 35 हजार रुपये ही एक व्यक्ति से लेता था।

जांच में खुलासा हुआ है कि उसने करीब 200 लोगों को ठगा है। सुबेग सिंह, जगतार सिंह, लखविंदर कौर, सतविंदर कौर और खिंदर सिंह ने बताया कि आरोपित जतिंदर सिंह ने एक करोड़ से अधिक की ठगी की है लेकिन जांच में अभी खुलासा 50 लाख रुपये की ठगी का ही हुआ है।

जानकारी के अनुसार, आरोपित जतिंदर सिंह ने भाई की मौत के बाद भाभी गुरमीत कौर से ही शादी कर ली थी। उसने चाची से लघु बचत योजना के नाम पर 25 हजार रुपये ले लिए। झांसा दिया कि इस योजना में जो आगे और लोगों से पैसा लगवाएंगे उन्हें प्रति व्यक्ति पांच हजार रुपये मिलेंगे। ऐसे उसने चाची के रिश्तेदारों सहित कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया।