
शादी की सारी तैयारियां हो गई थी। कार्ड बंट गए थे और मंडप भी सज गया था। घर पर रिश्तेदार आ गए थे और अगले दिन बरात आने का इंतजार था। तभी पता चला कि दूल्हा गायब हो गया है। दुल्हन और उसके परिवार पर मानो वज्रपात हो गया। खोजबीन करने पर पता चला कि दूल्हे को अपना एक दोस्त भा गया था और वह उसके साथ घर से फरार हो गया है। इसके बाद तो हंगामा हो गया। बरात हरियाणा के यमुनानगर के जगाधरी से डेराबस्सी त्रिवेदी कैंप आनी थी। वधू पक्ष ने वर पक्ष के लोगों के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है। दूसरी अोर दूल्हे के परिवार ने उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है।
शादी मंगलवार 11 सितंबर को थी। लड़की वालों ने मुबारिकपुर पुलिस थाना में लड़के वालों की शिकायत दर्ज कराई है है तो दूल्हे के परिवार ने जगाधरी में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई है। लड़की वाले मंगलवार को पुलिस के साथ जगाधरी पहुंचे, जहां काफी हंगामे के बाद लड़के वालों को समन देकर स्थानीय पुलिस लौट आई।
जानकारी के मुताबिक, त्रिवेदी कैंप के परिवार की एक लड़की का विवाह यमुनानगर के जगाधरी के रहने वाले युवक के साथ तय किया गया था। बारात 11 सितंबर को गांव में आनी थी और उसी दिन शगुन की रस्म भी थी। लड़की के पिता ने बताया कि बेटी का रिश्ता समेत रिंग सेरेमनी बीते साल 28 अप्रैल को हुई थी। इस बीच वे सभी रीति-रिवाज निभाते रहे। शादी के लिए कार्ड बंट चुके थे और घर में रिश्तेदार पहुंचे हुए हैं। बरात और शादी के लिए शामियाना लगाकर हलवाई भी मिठाइयां आदि बनाने में लग गए थे।इसी दौरान लड़के के परिवार से आए संदेश ने उनकी नींद हराम कर दी। खुशियों भरा माहौल गमगीन हो गया। दूल्हा पक्ष ने उसके गायब होने की बात बताई।
दूल्हा पक्ष द्वारा बांटे गए कार्ड प्रोग्राम मुताबिक सोमवार 10 सितंबर को लेडीज संगीत व 11 तारीख को सुबह छह बजे बारात की रवानगी दर्ज थी। बारात को त्रिवेदी कैंप में आठ बजे पहुंचना था। इसके अलावा बुधवार 12 सितंबर को जगाधरी वर्कशॉप स्थित शिवम पैलेस में लड़के वालों ने रात की रिसेप्शन पार्टी भी रखी थी। लड़की के पिता ने बताया कि उनकी दो बेटियों में बड़ी बेटी का विवाह था।
लड़की के पिता ने बताया कि बेटी समेत महिला सदस्यों का घर में रोनाधोना चल रहा है। उन्होंने दहेज का भी काफी सामान जुटा रखा है। ऐन मौके पर दूल्हे के लापता होने से उन्हें मामला संदिग्ध जान पड़ता है। लड़की वालों को आर्थिक नुकसान समेत बदनामी ङोलनी पड़ी है। एएसपी हरमन हांस ने बताया कि लड़की परिवार के साथ दो पुलिसकर्मी यमुनानगर भेजे गए।