
एशिया कप के लिए भारतीय टीम के 16 नाम तो तय हो गए हैं लेकिन वो 11 चेहरे कौन होंगे जो पहले मैच में मैदान पर पसीना बहाकर एशिया कप में भारत को जोरादार शुरुआत दिलाएंगे, ये अब भी थिंक टैंक के लिए बड़ा सवाल बना है. आईए एक नजर डालते हैं एशिया कप के पहले मैच यानी कि हांगकांग के खिलाफ टीम इंडिया के संभावित प्लेइंग XI पर.
ओपनर: रोहित शर्मा और शिखर धवन
ओपनर का काम विरोधी टीम पर पहला वार करने का होता है और एशिया कप में टीम इंडिया के लिए ये काम करते प्लेइंग इलेवन में दिखेंगे कप्तान रोहित शर्मा के साथ शिखर धवन. रोहित के लिए इंग्लैंड में वनडे सीरीज अच्छी गुजरी जहां उन्होंने 3 पारियों में 154 रन बनाए. दूसरी ओर शिखर धवन ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शुरुआत तो अच्छी की पर वो उसे बड़े स्कोर में बदल पाने में नाकाम रहे. एशिया कप में कप्तान और उप-कप्तान की ये जोड़ी भारत की जीत का बेस तैयार करती दिखेगी.
मिडिल ऑर्डर: अंबाती रायडू, मनीष पांडे, एमएस धोनी (WK)
एशिया कप के प्लेइंग XI में टीम इंडिया के मध्यक्रम में अंबाती रायडू को तीसरे नंबर और मनीष पांडे का चौथे नंबर पर खेलना तय है. रायडू और पांडे दोनों हाल ही में खत्म हुई चतुष्कोणीय वनडे सीरीज में खूब रन बनाए हैं. रायडू ने इस सीरीज के 4 मैचों में 187 रन बनाए हैं जिसमें 2 अर्धशतक शामिल रहे वहीं मनीष पांडे तो 4 मैचों में 306 के साथ सीरीज के टॉप स्कोरर रहे. उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक ठोका. यो-यो टेस्ट के पैमाने पर खरे न उतरने की वजह से इंग्लैंड जाने वाली टीम में रायडू का सलेक्शन नहीं हुआ था लेकिन इस बार वो यो-यो टेस्ट पास कर एशिया कप खेलने दुबई जा रहे हैं. रायडू और पांडे के बाद महेन्द्र सिंह धोनी एशिया कप में भारतीय प्लेइंग XI की सबसे बड़ी कड़ी होंगे.
ऑलराउंडर: केदार जाधव और हार्दिक पांड्या
इंजरी से उबरने के बाद केदार जाधव के सामने एशिया कप पहली बड़ी चुनौती होगी. जाधव को अगर टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में पांव जमाने हैं और 2019 विश्व कप के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करनी है तो एशिया कप में कुछ बेहतर करना होगा. दूसरी ओर हार्दिक पांड्या टीम इंडिया के लिए एक्स फैक्टर की तरह होंगे.
स्पिनर: कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल
एशिया कप UAE में खेला जाना है जहां की पिच का मिजाज कुलदीप और चहल की फिरकी से मेल खाता है. ऐसे में प्लेइंग इलेवन में इनका हिस्सा बनना भी लगभग तय है.
तेज गेंदबाज: भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह
भुवी के साथ बुमराह का कॉम्बिनेशन इन्हें वर्ल्ड क्रिकेट की सबसे घातक जोड़ी बनाता है. दोनों गेंदबाज डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट हैं और अपनी धारदार गेंदबाजी से किसी भी विरोधी का काम तमाम कर सकते हैं. इसके अलावा ये टीम के सीनियर गेंदबाज भी हैं लिहाजा प्लेइंग XI में इनके नाम पर मुहर भी तय ही है.