
अब जब इच्छा हो आप पड़ोसी देश नेपाल की राजधानी काठमांडू तक की यात्रा काफी सहूलियत से कर सकते हैं। आज से बिहार से नेपाल के लिए बसों को सीएम नीतीश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि परिवहन विभाग ने बोधगया से काठमांडू और पटना से जनकपुर के बीच बस सेवा शुरू की गई है। आज से दोनों रूटों पर आठ बसें चलेगी।
पटना-जनकपुर की बसें पटना, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी भिट्ठा मोड़ होते हुए जनकपुर जाएंगी। वहीं बोधगया-काठमांडू की बसें गया, पटना, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, रक्सौल, वीरगंज होते काठमांडू जाएंगी।
जानिए क्या होगा किराया..
बोधगया वाया पटना, मुजफ्परपुर, काठमांड़ू के लिए सुबह 10 बजे बोध गया से काठमांडू के लिये बस खुलेगी, फिर 8 बजे शाम में काठमांडू से बोधगया के लिये बस खुलेगी। बोधगया-काठमांडू, काठमांडू-बोधगया बस सेवा का किराया 1250 रूपया है और पटना से काठमांडू, काठमांडू से पटना का किराया 1015 रूपया है। वहीं, पटना से जनकपुर का किराया 275 रूपया है। काठमांडू के लिए फिलहाल 4 और जनकपुर के लिये तीन बसें चलेगी।
विदेश मंत्रालय ने पीपीपी मोड पर बिहार और नेपाल के बीच बस सेवा शुरू करने की अनुमति दे दी थीं। सभी बसों को परमिट मिल गई है। चार बसें पटना और जनकपुर जबकि चार बसें बोधगया और काठमांडू के बीच चलेंगी। एक बस में करीब 44 एसी सीटें होंगी। पटना से सवार होने वाले यात्री 200 किमी. भारत व 200 किमी. नेपाल में यात्रा करेंगे।