भारत बंद का झारखंड में मिलाजुला असर, 8234 बंद समर्थक गिरफ्तार

रांची, जेएनएन। भारत बंद का झारखंड के कई जिलों में मिला-जुला असर दिख रहा है। पूरे राज्य में दो बजे तक 8234 बंद समर्थक गिरफ्तार किए गए हैं। रांची में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय सहित 456 बंद समर्थक अब तक गिरफ्तार किए गए हैं। देवघर में बंद का खासा असर दिख रहा हैं, यहां 620 बंद समर्थक गिरफ्तार हुए हैं।

कहीं दुकानें बंद हैं तो कहीं खुली हुई हैं। सड़कों पर लोगों की आवाजाही आम दिनों की तुलना में कम है। सड़कों पर बंद कराने निकले सैकड़ों समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। रांची के अल्बर्ट एक्का चौक, बिरसा चौक, कांके चौक, डोरंडा सहित कई जगहों से बंद समर्थक गिरफ्तार किए गए। बंद की सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। डीसी और एसएसपी खुद सुबह से जगह-जगह का दौरा करने में जुटे हैं। सुबह के समय सिटी एसपी अमन कुमार निकले और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

भारत बंद को जेएमएम, जेवीएम, आरजेडी समेत वामदलों का समर्थन
पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों के खिलाफ कांग्रेस के भारत बंद को झारखंड में जेएमएम, जेवीएम, आरजेडी समेत वामदलों का समर्थन है। हालांकि आवश्यक सेवाएं बंद से मुक्त रखा गया है। लेकिन परीक्षा होने के बावजूद ज्यादातर स्कूलें बंद हैं। बंद को देखते हुए रांची में धारा-144 लागू है। यह सुबह पांच बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान पांच से अधिक लोगों के एक साथ जमा होने पर रोक है। देखते ही गिरफ्तार करने का आदेश जारी है। पुलिस प्रशासन ने साफ तौर पर स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त करवाई की जाएगी।

डायल 100 और वाट्सएप्प पर सूचना देने की अपील
एसएसपी ने हिंसा और उपद्रव से जुड़ी जानकारी को 100 नंबर और वाट्सएप्प पर पुलिस को देने की लोगों से अपील की है। ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे के साथ-साथ जिला पुलिस, आईआरबी, जैप को सुरक्षा में लगाया गया है।पलामू में वाहनों का परिचालन ठप है। निजी स्कूल बंद हैं। जगह-जगह पुलिस तैनात है। वहां सड़क पर उतरते ही करीब 20 बंद समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।