
शिकारीपाड़ा के दुमका-रामपुरहाट मार्ग में सिमानीजोर गांव के निकट रविवार दोपहर ट्रक की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे दो साल के सुबिक मरांडी की मौत हो गई। मौत से नाराज भीड़ ने चालक की पिटायी कर धारदार हथियार से हमला कर काट डाला, चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि खलासी जान बचाकर भागने में सफल रहा। मृत चालक 35 वर्षीय मोहन राय बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी के चिरैया थाना के बैद्यनाथ पुर गांव का रहने वाला था। पुलिस सोमवार को दोनों शव का पोस्टमार्टम कराएगी।
जानकारी के अनुसार, चालक मोहन राय खलासी के साथ मोतिहारी के राजू कुमार की ट्रक लेकर पत्थर चिप्स लेने के लिए शिकारीपाड़ा के सरसडंगाल आया था। वापसी के दौरान चालक गति पर नियंत्रण नहीं रख सका और बहन के साथ सड़क पार कर रहा सुबिक ट्रक की चपेट में आ गया। किसी तरह से बच निकली बहन का शोर सुनकर गांव के लोग एकत्र हुए और ट्रक से उतरकर भागने का प्रयास कर रहे चालक को पकड़कर नीचे उतार लिया। जबकि हादसे के बाद किसी तरह से खलासी बचकर निकल भागा। ग्रामीणों ने चालककी पहले जमकर पिटायी की और फिर धारदार हथियार से गर्दन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया।