Box Office: आते ही ‘स्त्री’ के लिए ख़तरा बनी The Nun, कमा लिये इतने करोड़

एक तरफ़ बॉलीवुड की हॉरर कॉमेडी फ़िल्म ‘स्त्री’ बॉक्स ऑफ़िस बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है, वहीं दूसरी ओर हॉलीवुड की पेशकश ‘द नन’ मज़बूती के साथ आगे बढ़ रही है। रिलीज़ के 3 दिनों में फ़िल्म ने ₹28 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। अगर ‘स्त्री’ के साथ इसके कलेक्शंस का तुलनात्मक विश्लेषण करें तो ‘द नन’ ‘स्त्री’ पर भारी पड़ी है। 

शुक्रवार (7 सितम्बर) को रिलीज़ हुई ‘द नन’ ने ₹8 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि दूसरे दिन शनिवार (8 सितम्बर) को फ़िल्म ने ₹10.20 करोड़ जमा कर लिये। दो दिनों में ‘द नन’ का भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर कलेक्शन ₹18.20 करोड़ हो चुका है। फ़िल्म ने रविवार को 10 करोड़ और इकट्ठा कर लिये, जिसके साथ द नन का तीन दिनों का कलेक्शन 28.50 करोड़ हो गया है। 30 लाख रुपए पेड प्रीव्यूज़ के भी शामिल हैं। अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज़ हुई यह फ़िल्म 1600 स्क्रींस पर दिखायी जा रही है। कोरिन हार्डी निर्देशित ‘द नन’, ‘द कॉन्ज्यूरिंग 2’ का स्पिन ऑफ़ है और इस सीरीज़ की पांचवी फ़िल्म है। फ़िल्म की कहानी 1952 में सेट है, जिसमें एक प्रीस्ट और नए धार्मिक शागिर्द को एक ख़तरनाक राज़ की खोज में दिखाया जाएगा। इन दोनों को वेटिकन ने एक नन के आत्म हत्या के केस की पड़ताल करने के लिए भेजा है। भारत में ‘द कॉन्ज्यूरिंग 2’ की सफलता को देखते हुए इसे यहां बड़े पैमाने पर रिलीज़ किया जा रहा है।