उत्‍तराखंड में भारत बंद का मिलाजुला असर, कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के पेट्रो पदार्थों की मूल्य बढ़ोतरी के खिलाफ भारत बंद का सूबे में मिलाजुला असर देखने को मिला। कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर रैलियां निकाली। पिथौरागढ़ में तो कांग्रेसियों ने स्‍कूलों को बंद करा दिया। देहरादून में घंटाघर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मोदी पर हमला बोला। आरोप लगाया कि नरेंद मोदी केवल जुमलों की राजनीति कर रहे हैं। मंहगाई चरम पर है। करोड़ों युवा बेरोजगारी की मार से त्रस्त है। कहो मोदी ने राफेल डील से देश को लाखों करोड़ का चूना लगाया। वहीं, लैंसडाउन चौक पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर केंद्र की भाजपा सरकार का विरोध जताया है।

महंगाई के खिलाफ किया प्रदर्शन

कांग्रेस महानगर कांग्रेस कार्यकर्ता भारत बंद को लेकर सोमवार सुबह आठ बजे कांग्रेस भवन में एकत्र हुए। इसके बाद टोली बनाकर बाजार में गए। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी और सदस्यों ने शहर में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान समर्थन में बाजार और दूसरे संस्थान बंद कराए। वहीं, भारत बंद को प्रेमनगर व्यापार मंडल ने समर्थन नहीं दिया। प्रेमनगर में कुछ दुकानें खुलने लगी है, जबकि कुछ बंद है। व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी योगेश नागपाल ने बताया कि नियमित 10-11 बजे के बीच में सभी दुकानें खुल जाएंगी।