बिलासपुर में पति को बंधक बनाकर पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म

छेड़खानी के पुराने मामले में जेल भिजवाने की रंजिश के चलते दो रिश्तेदार घर में घुस गए। इस दौरान उन्होंने पति को बंधक बना लिया और उसके सामने ही पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म किया। मामला उजागर होने पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार बेलगहना क्षेत्र की 22 वर्षीय महिला शनिवार की रात घर में अकेली थी। रात करीब 11 बजे उसका पति शौच के लिए बाहर गया था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले दो रिश्तेदार घर में घुस गए। उन्होंने महिला को पकड़ लिया। तभी उसका पति घर पहुंचा। दोनों युवकों ने उसके पति को बंधक बना लिया।
फिर उसके सामने ही पत्नी से दुष्कर्म करने लगे। इस वारदात के बाद दोनों आरोपित भाग गए। उनके चंगुल से मुक्त होने के बाद पीड़ित महिला व उसका पति बेलगहना चौकी पहुंचे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया और रात में ही उनकी पतासाजी शुरू कर दी।

पुलिस ने उनके घर में दबिश देकर दोनों आरोपित को पकड़ लिया है। उनके खिलाफ धारा 450, 376घ व 506 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दरअसल, पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया है। करीब साल भर पहले महिला ने अपने रिश्तेदार के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इस मामले में आरोपित फरार थे। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।